Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग की महापौर अल्का बाघमार एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार मामला उनके निरीक्षण दौरे के दौरान सामने आए एक वीडियो को लेकर है, जिसमें उनकी सुरक्षा में तैनात एक हथियारबंद पुलिस जवान उनके पीछे-पीछे छाता लेकर चलता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, महापौर अल्का बाघमार 26 मई को पटरीपार क्षेत्र के औद्योगिक नगर वार्ड क्रमांक 17 और 18 स्थित शक्ति नगर तालाब का निरीक्षण करने पहुंची थीं। इस दौरान उनके साथ समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान बनाया गया वीडियो खुद महापौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
छाता लेकर पीछे चलता दिखा जवान
वीडियो में तेज धूप से बचाने के लिए एक पुलिस जवान महापौर के पीछे छाता लेकर चलता नजर आ रहा है। जवान हथियार से लैस दिखाई दे रहा है और लगातार महापौर के साथ बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे वीआईपी संस्कृति से जोड़ते हुए सवाल उठाने शुरू कर दिए।
NSUI ने जताया विरोध
मामले को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने भी आपत्ति जताई है। एनएसयूआई नेता वरुण केवलतानी ने कहा कि जनता जनप्रतिनिधि चुनती है, कोई राजा या रानी नहीं। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था सुरक्षा के लिए होती है, निजी सुविधा और दिखावे के लिए नहीं।
उन्होंने कहा कि पुलिस जवान दिन-रात मेहनत कर लोगों की सुरक्षा करते हैं और वर्दी सम्मान, अनुशासन तथा सेवा का प्रतीक है। ऐसे में जवानों से इस तरह का काम करवाना उचित नहीं माना जा सकता।
वरुण केवलतानी ने कहा कि इस तरह की तस्वीरें लोकतंत्र पर सवाल खड़े करती हैं। यदि पुलिस जवानों को नेताओं के पीछे छाता लेकर चलना पड़ेगा तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। एनएसयूआई ने इस पूरे मामले को पुलिस वर्दी का अपमान बताया है।

