बिलासपुर में भूपेश बघेल का केंद्र और राज्य सरकार पर हमला, बोले- ‘मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ’ वाले पीएम बन गए मोदी

बिलासपुर में भूपेश बघेल का केंद्र और राज्य सरकार पर हमला, बोले- ‘मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ’ वाले पीएम बन गए मोदी

Bhupesh Baghel on BJP Government: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम जनता को पेट्रोल बचाने और सोना न खरीदने की सलाह देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अब “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ” वाले बन गए हैं।

भूपेश बघेल ने उद्योगपति गौतम अडाणी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मित्र अडानी अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं, जबकि देश में आम जनता महंगाई से परेशान है।

‘रामभद्राचार्य अपने चेले से निकलवाएं पेट्रोल-डीजल कम करने की पर्ची’

धर्म और राजनीति के मुद्दे पर बोलते हुए बघेल ने रामभद्राचार्य और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रामभद्राचार्य अपने चेले धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से ‘पर्ची’ के माध्यम से पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवा दें।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का नाम लेते हुए कहा कि वे गौमांस खाते हैं, फिर भी प्रधानमंत्री ने उन्हें मंत्रिमंडल में रखा है। बघेल ने सवाल किया कि क्या रामभद्राचार्य इसे उचित मानते हैं।

‘रेप, लूट और हत्या ही सरकार का सुशासन’

राज्य की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि गृहमंत्री के क्षेत्र कवर्धा में आदिवासी महिला से गैंगरेप, मुख्यमंत्री के इलाके में महिला की आत्महत्या और मरवाही में सराफा कारोबारी की लूटपाट के बाद हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यही सरकार का तथाकथित सुशासन है।

‘पुलिस को सपना आता है और केस दर्ज हो जाता है’

सूरजपुर मामले का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना हथियार बरामद हुए और बिना किसी हमले के भी कांग्रेस नेता पर आर्म्स एक्ट की धाराएं लगा दी गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पुलिस को सपना आता है और वह अपराध दर्ज कर लेती है।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सरकार के खिलाफ नाराजगी का प्रतीक

“कॉकरोच जनता पार्टी” के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि यह युवाओं में बढ़ती नाराजगी का संकेत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से युवा संतुष्ट नहीं हैं। चाहे चुनाव कितने भी मैनेज कर लिए जाएं, लेकिन युवाओं में सरकार के प्रति गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है।


Related Articles