छत्तीसगढ़: विश्रामपुर धरने में साथ दिखे भूपेश और टीएस सिंहदेव, एक ही कार में पहुंचे चुनावी सभा में

छत्तीसगढ़: विश्रामपुर धरने में साथ दिखे भूपेश और टीएस सिंहदेव, एक ही कार में पहुंचे चुनावी सभा में

CG Congress Protest News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव एक मंच पर साथ नजर आए। दोनों नेताओं की एकजुटता उस वक्त और चर्चा में आ गई जब आंदोलन स्थल से शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी सभा तक वे एक ही कार में पहुंचे। कार की स्टेयरिंग खुद टीएस सिंहदेव ने संभाली, जबकि बगल की सीट पर भूपेश बघेल बैठे दिखाई दिए।

इस दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा कि वे और भूपेश बघेल हमेशा साथ हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों और जिम्मेदारियों के कारण हर समय साथ दिखना संभव नहीं होता, लेकिन दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद बना रहता है। उन्होंने कहा कि कई बातें सार्वजनिक नहीं होतीं और मीडिया तक नहीं पहुंचतीं।

दरअसल, विश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ धमकी, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया।

धरने में पहुंचे भूपेश बघेल ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि थानेदार से गलती हुई है तो एसपी या आईजी कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन सरकार ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब इस मुद्दे को लेकर पूरे संभाग और प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।

वहीं टीएस सिंहदेव ने कहा कि आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-सा हथियार इस्तेमाल हुआ या बरामद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने के उद्देश्य से यह एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने केस वापस लेने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी धरने के दौरान पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाना गलत है। बैज ने कहा कि कांग्रेस नेता एनएसए जैसी धाराओं से भी डरने वाले नहीं हैं, लेकिन पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धाराएं वापस नहीं ली गईं तो धरना जारी रहेगा।

सोमवार को कड़ी धूप के बीच दिनभर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहा। धरने में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक भानू प्रताप सिंह, पारस नाथ राजवाड़े और अंबिका सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रात में भी कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के सामने चटाई और दरी बिछाकर धरने पर डटे रहे।

कांग्रेस का आरोप है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से यह एफआईआर दर्ज की गई है। पार्टी ने एफआईआर वापस लेने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


Related Articles