Bhupesh Baghel on Deepak Baij: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को बिलासपुर जिले के दौर पर पहुंचे। उन्होंने यहां मीडिया से बात करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। दीपक बैज के खतरे में होने से जुड़े सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक भाई बिल्कुल संकट में नहीं हैं। वे हमारे नौजवान साथी हैं और हर कार्यकर्ता के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। सूरजपुर जिले में अभी भी धरने पर बैठे हुए हैं। उनको कांग्रेस के सभी नेताओं का समर्थन है। कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन देने की बात पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं खुद एक पार्टी का हूं तो दूसरी पार्टी को कैसे सपोर्ट कर सकता हूं, लेकिन जिस तरह से तीन दिनों में दो करोड़ लोग उससे जुड़े हैं। इससे पता चलता है। अभी जो सरकार की व्यवस्था चल रही है, उससे देश के युवा और ZEN-Z परेशान हैं।
बता दें कि सरगुजा संभाग के विश्रामपुर पुलिस ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर FIR दर्ज की है। उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश दिखाई दे रहा है। इसी मसले को लेकर प्रदेश के बड़े नेता विश्रामपुर थाने के आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और पीसीसी चीफ दीपक बैज शामिल है।
भूपेश बघेल के दिखे कड़े तेवर
उल्लेखनीय़ बात यह भी है कि शिवनंदपुर में इन दिनों नगर पंचायत का चुनाव हो रहा है। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने टीआई से लेकर आईजी तक के पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि सरकार आती-जाती रहती है। हमारी सरकार आएगी तो उन्हें देख लेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हम तो बाद में कार्रवाई कर लेंगे, लेकिन अभी शिवनंदपुर की जनता इनका हिसाब करेगी।

