ओजस्वी सरगुजा योजना: नीट-जेईई की तैयारी के लिए 55 मेधावी छात्र रायपुर रवाना, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिखाई बसों को हरी झंडी

ओजस्वी सरगुजा योजना: नीट-जेईई की तैयारी के लिए 55 मेधावी छात्र रायपुर रवाना, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिखाई बसों को हरी झंडी

Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला के मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने के लिए जिला प्रशासन ने “ओजस्वी सरगुजा” योजना के तहत बड़ी पहल की है। योजना के अंतर्गत चयनित 55 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं नीट और जेईई की तैयारी के लिए रायपुर रवाना किया गया। इन विद्यार्थियों को रायपुर स्थित एलेन कैरियर इंस्टिट्यूट में निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों और उनके पालकों को संबोधित करते हुए तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

‘यह सिर्फ रायपुर तक नहीं, सफलता तक की यात्रा’

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि “ओजस्वी सरगुजा” योजना सरगुजा के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज जिन विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भेजा जा रहा है, वे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर और राष्ट्र निर्माता बनकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल रायपुर तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, संघर्ष और सफलता की यात्रा है।

विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के छात्रों को भी अवसर

योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) वर्ग के पांच विद्यार्थियों का चयन भी किया गया है। मंत्री अग्रवाल ने इसे सामाजिक परिवर्तन का बड़ा संदेश बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और वनांचल क्षेत्रों से आने वाले इन बच्चों ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।

55 विद्यार्थियों का हुआ चयन

योजना के अंतर्गत कुल 55 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनमें 50 विद्यार्थियों का चयन मेरिट और आरक्षण रोस्टर के आधार पर किया गया, जबकि 5 अतिरिक्त विद्यार्थी विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से चुने गए।

चयनित विद्यार्थियों में:

  • 32 अनुसूचित जनजाति वर्ग
  • 5 पीवीटीजी वर्ग
  • 4 अनुसूचित जाति वर्ग
  • 12 अन्य पिछड़ा वर्ग
  • 2 सामान्य वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं।

इनमें 36 विद्यार्थी नीट और 19 विद्यार्थी जेईई परीक्षा की तैयारी करेंगे।

हर छात्र को मिलेगी 7500 रुपए मासिक छात्रवृत्ति

विद्यार्थियों की आवास और भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक चयनित छात्र को प्रतिमाह 7,500 रुपए की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को पढ़ाई में आर्थिक बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।

एलेन संस्थान में मिलेगी विशेषज्ञों की कोचिंग

कार्यक्रम में बताया गया कि “रुचि की अभिव्यक्ति” प्रक्रिया के माध्यम से छह संस्थानों में से एलेन कैरियर इंस्टिट्यूट का चयन किया गया है। यहां विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिए कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जाए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव और कलेक्टर अजीत वसंत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।


Related Articles