रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, खुद को नितिन नवीन का PA बताकर 10 हजार रुपए ऐंठे

रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, खुद को नितिन नवीन का PA बताकर 10 हजार रुपए ऐंठे

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीजल डलवाने के नाम पर मांगे पैसे

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने वाहन में तत्काल डीजल डलवाने की बात कहते हुए पैसों की जरूरत बताई। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को अपने झांसे में ले लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए खाते में जमा करवाए गए। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए।

दोबारा पैसे मांगने पर हुआ शक

कुछ समय बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की जांच की गई। तब पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताकर ठगी कर रहा था।

इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है।

साइबर टीम खंगाल रही बैंकिंग ट्रेल

पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की साइबर टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की लोकेशन, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं।

कांग्रेस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के साथ लगातार हो रही घटनाएं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं।


Related Articles