Sarguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी उड़नदस्ता टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गांजा सप्लाई कर रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपए का गांजा बरामद किया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।
पति-पत्नी कर रहे थे गांजा सप्लाई
आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर गांजा सप्लाई का काम कर रहे थे। आरोपियों के पास से करीब साढ़े चार लाख रुपए कीमत का 22.6 किलो गांजा जब्त किया गया है।
गश्त के दौरान पकड़ाए आरोपी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 24 मई को सीतापुर थाना क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान वंदना मेन रोड से मैनपाट की ओर जाते समय जजगा पुलिया के पास एक महिला और पुरुष उड़ीसा नंबर की टीवीएस जूपिटर वाहन के साथ दो बोरियों के पास खड़े दिखाई दिए।
संदिग्ध स्थिति देखकर टीम ने वाहन रोककर पूछताछ की, तो दोनों घबरा गए।
बोरे में मिला 22.6 किलो गांजा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि बोरियों में गांजा रखा हुआ है। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान बोरियों से 22.6 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामले की जांच जारी
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस और आबकारी टीम इस बात की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।

