Sarangarh-Bilaigarh News: धान खरीदी में 99 लाख का फर्जीवाड़ा, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Sarangarh-Bilaigarh News: धान खरीदी में 99 लाख का फर्जीवाड़ा, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Sarangarh-Bilaigarh News: सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में धान खरीदी में बड़े फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरिया पुलिस ने साल्हेओना उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों पर बिना वास्तविक धान खरीदी के ऑनलाइन एंट्री कर करीब 99.12 लाख रुपये के गबन का आरोप है।

फर्जी खरीदी दिखाकर किया लाखों का गबन

मामले में सहायक खाद्य अधिकारी विद्यानंद पटेल की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में खुलासा हुआ कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक 3140.80 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाई गई थी।

जांच में सामने आई 99 लाख से ज्यादा की कमी

भौतिक सत्यापन के दौरान धान और जूट बारदाने सहित कुल 99 लाख 12 हजार 411 रुपये की कमी पाई गई। आरोप है कि किसानों के नाम पर फर्जी टोकन जारी कर बायोमैट्रिक और आइरिस स्कैनर के जरिए ऑनलाइन एंट्री की गई और रकम का गबन किया गया।

पहले भी लग चुके थे गबन के आरोप

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि समिति प्रबंधक पर पहले भी गबन के आरोप लग चुके थे और उन्हें पद से हटाया गया था। इसके बावजूद दोबारा जिम्मेदारी सौंप दी गई।

अब इस पूरे मामले में उच्च अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

निष्पक्ष जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


Related Articles