रायपुर में अवैध शराब बिक्री पर भड़के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अधिकारियों को मंच से लगाई फटकार

रायपुर में अवैध शराब बिक्री पर भड़के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अधिकारियों को मंच से लगाई फटकार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल एक बार फिर अपने सख्त तेवरों को लेकर चर्चा में आ गए। नगर निगम जोन-5 अश्विनी नगर में 18 मई को आयोजित शिविर में सांसद ने अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को मंच से ही जमकर फटकार लगाई। कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में सांसद अधिकारियों से कहते नजर आ रहे हैं कि, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो, उसको उठाकर बंद करो। 3 महीना जमानत नहीं होगी ना, बंद हो जाएगा तो… करो ना बंद, क्यों नहीं बंद करते?” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब आम लोगों को अवैध शराब बिकने की जानकारी है, तो पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है।

इन इलाकों का लिया नाम

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा जैसे इलाकों में खुलेआम अवैध शराब बिक्री होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बख्शा न जाए।

मंच पर मौजूद थीं महापौर मीनल चौबे

कार्यक्रम के दौरान रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी मंच पर मौजूद थीं। सांसद के तीखे तेवर और अधिकारियों को दी गई चेतावनी के बाद कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया।

पहले भी अधिकारियों पर जताया था नाराजगी

यह पहला मौका नहीं है जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों पर नाराज होते नजर आए हों। इससे पहले आरंग के नगर पंचायत समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में शिकायत मिलने पर उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को भी फटकार लगाई थी। उस दौरान उन्होंने कहा था, “आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ।” उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।


Related Articles