CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और अगले पांच दिनों तक लोगों को गर्म हवाओं से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और कई इलाकों में गर्म हवाएं चलीं। इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया वजह
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं आने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि के साथ मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है।
18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में गर्मी की लहर चलने की संभावना जताई गई है, उनमें बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ाई शामिल हैं।
प्रमुख शहरों का तापमान
- रायपुर – 44.3°C
- बिलासपुर – 44.5°C
- पेंड्रा – 41.6°C
- अंबिकापुर – 41.7°C
- जगदलपुर – 43.1°C
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।

