Dhamtari News: धमतरी। धमतरी पुलिस को अपराध जांच में बड़ी तकनीकी मजबूती मिली है। शनिवार को पुलिस लाइन रूद्री में अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया।
वैज्ञानिक जांच से मजबूत होगी विवेचना
धमतरी पुलिस लगातार गंभीर अपराधों और संवेदनशील मामलों की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस की सशक्त विवेचना और साक्ष्य आधारित कार्रवाई के चलते वर्ष 2026 में अब तक 6 आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है।
अब एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से जांच प्रक्रिया और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं तकनीकी रूप से मजबूत होगी।
घटनास्थल पर ही होगी फॉरेंसिक जांच
यह हाईटेक मोबाइल यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी सहित अन्य तकनीकी जांच कार्य करने में सक्षम होगी।
इससे घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण संभव हो सकेगा और न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
रायपुर से धमतरी पहुंची हाईटेक वैन
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया गया था। धमतरी जिले के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस अत्याधुनिक वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल धमतरी लेकर पहुंचे।
“धमतरी पुलिस कर रही उत्कृष्ट कार्य”
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस की आधुनिक तकनीक आधारित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन से अपराध जांच और अधिक पारदर्शी, मजबूत और प्रभावी होगी।
“पुलिस के हाथ होंगे और मजबूत”
पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने कहा कि हाल के दिनों में धमतरी पुलिस ने कई कठिन मामलों का सफल निराकरण किया है। नई एफएसएल वैन से विवेचना को और मजबूती मिलेगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की जरूरत
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि बदलते अपराधों के दौर में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जरिए अब घटनास्थल पर ही तत्काल जांच और तकनीकी परीक्षण संभव होगा, जिससे दोषसिद्धि दर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
वैज्ञानिक अधिकारी ने दी तकनीकी जानकारी
वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और मीडिया को एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन की कार्यप्रणाली और उसमें लगे अत्याधुनिक उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वैन घटनास्थल पर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच करने में सक्षम है।

