बिलासपुर के अवि मानिकपुरी का टीम इंडिया में चयन, 5 दशक बाद शहर का खिलाड़ी पहनेगा नीली जर्सी

बिलासपुर के अवि मानिकपुरी का टीम इंडिया में चयन, 5 दशक बाद शहर का खिलाड़ी पहनेगा नीली जर्सी

बिलासपुर। भारतीय हॉकी ने पुरुष अंडर-18 एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में बिलासपुर के कुदुदंड निवासी अवि मानिकपुरी का चयन बतौर डिफेंडर हुआ है। करीब पांच दशक बाद बिलासपुर का कोई हॉकी खिलाड़ी भारतीय टीम की नीली जर्सी में नजर आएगा। इससे पहले शहर के दिग्गज खिलाड़ी लेस्ली क्लॉडियस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर बिलासपुर का नाम रोशन किया था।

छत्तीसगढ़ हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष फिरोज अंसारी और महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पुरुष अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होगी।

अभावों के बीच हॉकी की शुरुआत करने वाले अवि मानिकपुरी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से लेकर जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप तक अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। उनकी तेज रफ्तार, दमदार टैकलिंग और बेहतरीन गेम विजन के चलते उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है।

एशिया कप टीम चयन से पहले भोपाल में 15 से 20 मई के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की एक्सपोजर सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में अवि ने डिफेंडर के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। चार मैचों में से दो मुकाबले ड्रॉ रहे, जबकि एक-एक मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया ने जीता। सीरीज के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन टीम इंडिया के लिए किया गया। टीम चयन में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह की अहम भूमिका रही।

जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष रोहित वाजपेयी ने बताया कि अवि ने स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण लेने के बाद बहतराई स्थित एक्सीलेंस सेंटर में कोच अजीत लकड़ा और राकेश टोप्पो से हॉकी की बारीकियां सीखीं। बाद में उनका चयन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी में हुआ, जहां कोच समीर दाद ने उनके खेल को और निखारा। इसी अकादमी से अवि समेत छह खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है।

टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला 29 मई को कजाकिस्तान से होगा। इसके बाद भारतीय टीम 31 मई को जापान, 1 जून को कोरिया और 3 जून को चीनी ताइपे के खिलाफ मैदान में उतरेगी। नॉकआउट और सेमीफाइनल मुकाबले 5 जून को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मैच 6 जून को दोपहर 3:30 बजे आयोजित होगा। भारतीय युवा टीम खिताब जीतने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरेगी।


Related Articles