Chhattisgarh Raipur Crime News: रायपुर। राजधानी रायपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर अश्लील वीडियो बनाकर वकील को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में तामेश्वर सोनवानी, राजकुमार कुर्रे, कोमल यादव, छोटू टंडन और सैय्यद अली शामिल हैं। मामले की जांच रायपुर पुलिस की सिविल लाइन पुलिस स्टेशन रायपुर कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 20 मई 2026 की शाम करीब 5:27 बजे शिकायतकर्ता वकील के मोबाइल पर एक मिस्ड कॉल आया। कॉल बैक करने पर आरोपी ने वीडियो भेजने की बात कही। इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से एक अश्लील वीडियो भेजा गया। वीडियो देखकर शिकायतकर्ता हैरान रह गया।
कुछ देर बाद आरोपियों ने दोबारा कॉल कर 50 हजार रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
पीड़ित वकील ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने और पैसे मांगने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तरह की वारदात में कोई और लोग भी शामिल हैं या नहीं।

