Chhattisgarh Latest News: जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बस्तर अब नक्सलमुक्त हो चुका है। जगदलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अब बस्तर संघर्ष और हिंसा नहीं, बल्कि विकास और नई संभावनाओं की पहचान बनेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने नक्सल उन्मूलन अभियान में अपेक्षित सहयोग नहीं किया, लेकिन केंद्र सरकार ने तय रणनीति के तहत अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2024 को नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन तय की गई थी और 31 मार्च 2026 इस अभियान के लिए बेहद महत्वपूर्ण तारीख रही।
‘19 मई 2026 बस्तर के लिए ऐतिहासिक दिन’
अमित शाह ने कहा कि 19 मई 2026 बस्तर के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन साबित होगा, क्योंकि इसी दिन बस्तर समग्र विकास परियोजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण बस्तर लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, जबकि देश के अन्य पिछड़े क्षेत्र समय के साथ आगे बढ़ते गए।
200 सुरक्षा कैंपों को बनाया जाएगा विकास केंद्र
गृह मंत्री ने बताया कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए बस्तर में सुरक्षाबलों के 200 कैंप स्थापित किए गए थे। अब इनमें से 70 कैंपों को ‘वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कैंपों को विकास केंद्रों में बदला जाएगा, जहां बैंकिंग, प्रशासनिक सेवाएं और आम नागरिकों के लिए कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का लक्ष्य बस्तर को तेजी से विकास, निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

