बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह ने राज्यों के विकास और सुरक्षा मुद्दों पर किया मंथन

बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह ने राज्यों के विकास और सुरक्षा मुद्दों पर किया मंथन

Chhattisgarh Latest News: जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस अहम बैठक में विष्णु देव साय, डॉ. मोहन यादव, योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। बैठक में विकास, कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर जोर

बैठक में चारों राज्यों में अपराध नियंत्रण, खासकर महिलाओं के उत्पीड़न और रेप जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और सख्त फैसलों पर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

सीमावर्ती और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कानून व्यवस्था, सीमा विवाद, परिवहन, बिजली, जल संसाधन और आंतरिक सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त रणनीति बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और राज्यों के बीच तालमेल बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

बस्तर को नई पहचान देने की कोशिश

बैठक के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार इस मंच से बस्तर के विकास को लेकर अपना बड़ा विजन और रोडमैप सामने रख सकती है।

सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि बस्तर अब केवल नक्सलवाद या संघर्ष की पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में पर्यटन, निवेश, तेज विकास और प्रशासनिक गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

बैठक को लेकर दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्यों के सचिवालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो बैठक वर्चुअल माध्यम से भी आयोजित की जा सकती थी।

दीपक बैज ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील करते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार के वरिष्ठ नेता खुद इन बातों का पालन नहीं कर रहे हैं।


Related Articles