बस्तर से नक्सलवाद खत्म, अब विकास और सुविधा केंद्रों का दौर, नेतानार में बोले अमित शाह

बस्तर से नक्सलवाद खत्म, अब विकास और सुविधा केंद्रों का दौर, नेतानार में बोले अमित शाह

Amit Shah Visit Chhattisgarh: जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जगदलपुर के नेतानार में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में हुए कार्यों के बाद आज पूरा क्षेत्र आदिवासी समाज की सक्रिय मौजूदगी से भरा दिखाई दे रहा है, जो एक ऐतिहासिक बदलाव का संकेत है।

अमित शाह ने अमर शहीद गुंडाधुर को याद करते हुए कहा कि इसी धरती से अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब नक्सली पुलिस जवानों की हत्या करते थे, स्कूलों को उजाड़ देते थे और गरीबों का राशन तक लूट लिया जाता था। मासूम बच्चों को जबरन नक्सली संगठन में शामिल किया जाता था।

‘गनतंत्र’ खत्म, अब बस्तर बनेगा विकास का केंद्र

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने कड़े कदम उठाकर बस्तर से नक्सलवाद और हिंसा के माहौल को समाप्त कर दिया है। अब इस ऐतिहासिक क्षेत्र को तीर्थस्थल और विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि अब आदिवासी बच्चों को आधुनिक शिक्षा और सुविधाएं मिल रही हैं। हर गरीब परिवार तक साफ पेयजल, राशन कार्ड, आधार कार्ड और पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

कल होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक

19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

सुरक्षा और विकास दोनों पर रहेगा फोकस

दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री का फोकस बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसुविधाओं के विस्तार पर रहेगा। डायल-112 सेवा के विस्तार, जन सुविधा केंद्रों के उद्घाटन और फॉरेंसिक यूनिट्स की शुरुआत जैसे कार्यक्रम इसी दिशा में किए जा रहे हैं।

बस्तर के कैंप अब बनेंगे सुविधा केंद्र

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अब पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। नेतानार में सुरक्षा कैंप को सुविधा केंद्र में बदला जा रहा है, जिसकी शुरुआत अमित शाह करेंगे।

उन्होंने बताया कि भविष्य में बस्तर के सभी सुरक्षा कैंपों को चरणबद्ध तरीके से सुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।


Related Articles