Amit Shah Visit Chhattisgarh: रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल-112 सेवा के 400 नए हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई व्यवस्था के तहत अब क्राइम, मेडिकल इमरजेंसी और आगजनी जैसी आपात स्थितियों में एक ही नंबर पर मदद उपलब्ध होगी।
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर शुरू की गई इस सेवा में पुलिस, फायर और मेडिकल इमरजेंसी सिस्टम को एकीकृत प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
हाईटेक सुविधाओं से लैस हैं वाहन
डायल-112 के लिए शुरू किए गए 400 नए वाहनों में GPS, डैश कैम, PTZ कैमरा, वायरलेस रेडियो और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित रिस्पॉन्स संभव हो सकेगा।
पूरे छत्तीसगढ़ में होगा विस्तार
छत्तीसगढ़ सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत बनाना है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा के अनुसार अब तक 16 जिलों तक सीमित डायल-112 सेवा को पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी थानों को डायल-112 नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों तक पुलिस सहायता पहले से अधिक तेज और प्रभावी तरीके से पहुंच सके।
जगदलपुर दौरे पर रवाना हुए अमित शाह
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचकर वे सबसे पहले अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।
इसके बाद वे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार पहुंचकर जन सुविधा केंद्र की शुरुआत करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में अमित शाह मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होकर विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे।

