Uttar Pradesh Accident News: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार को दो दर्दनाक सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और बहराइच में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
लखीमपुर खीरी में मैजिक वैन और ट्रक की टक्कर, 8 की मौत
लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मैजिक वैन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसा सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे-730 पर उन्चगांव और भरेहता गांव के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार लखीमपुर से सिसैया जा रही मैजिक वैन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
धौरहरा के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बहराइच में कार और कंबाइन हार्वेस्टर की भिड़ंत, 4 लोगों की मौत
दूसरा हादसा बहराइच जिले में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार की कंबाइन हार्वेस्टर से टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि कार नानपारा की ओर से बहराइच जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे से आ रहे कंबाइन हार्वेस्टर ने कार को टक्कर मार दी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतक बहराइच के निवासी थे।

