रायपुर। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक, त्वरित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 मई को नेक्स्ट जेन CG डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर 400 अत्याधुनिक डायल 112 वाहनों और चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री Vijay Sharma ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं।
एक मंच पर मिलेंगी कई आपातकालीन सेवाएं
नेक्स्ट जेन CG डायल 112 को तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में अभिनव पहल माना जा रहा है। इस प्रणाली के माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी नई व्यवस्था
नई प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, GPS आधारित इमरजेंसी वाहन, GIS आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमैटिक कॉल लोकेशन सिस्टम और तकनीक आधारित डिस्पैच मैनेजमेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
अब 33 जिलों तक पहुंचेगी डायल 112 सेवा
प्रदेश में डायल 112 सेवा वर्ष 2018 से संचालित है और अब तक लाखों लोगों को आपातकालीन सहायता उपलब्ध करा चुकी है। फिलहाल यह सेवा 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद इसे राज्य के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया जाएगा।

