PM Modi in Netherlands: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोपीय दौरे के तहत 16 मई को नीदरलैंड पहुंचे, जहां उनका भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने हेग में भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया और भारत-नीदरलैंड संबंधों में खेलों की अहम भूमिका पर जोर दिया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड के रिश्तों की एक महत्वपूर्ण पहचान खेल भी है, हालांकि इस पर कम चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खेलों का संबंध लंबे समय से मजबूत रहा है और लगातार आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में आयोजित ICC Men’s T20 World Cup 2026 का जिक्र करते हुए कहा कि नीदरलैंड क्रिकेट टीम में भारतीय मूल के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से आर्यन दत्त जैसे खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि जब भारतीय मूल के खिलाड़ी डच टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो यह पूरे भारतीय समुदाय के लिए गर्व की बात होती है।
पीएम मोदी ने भारत की ओलंपिक मेजबानी की महत्वाकांक्षा पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि भारत बड़े सपनों और आकांक्षाओं से भरा देश है और निकट भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करना चाहता है। साथ ही भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारतीय हॉकी के विकास में नीदरलैंड के कोचों के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सजोर्ड मारिजने की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नीदरलैंड दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां के राजा किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे।

