Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट छापने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक युवक को लगभग 6.5 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी घर में ही प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर की मदद से 500-500 रुपए के फर्जी नोट छाप रहा था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और भारी कर्ज में डूबा हुआ था। जल्दी पैसा कमाने की लालच में उसने नकली नोट छापने की योजना बनाई। सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले 5 से 6 महीनों से घर पर ही नकली नोट तैयार कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापा मारकर प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर सहित नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त कर लिए।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी बाजार में नकली नोट खपा चुका हो सकता है। अब यह जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने नकली नोट चलाए और इस काम में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
साथ ही विशेषज्ञों की मदद से यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी असली नोटों की सुरक्षा विशेषताओं की कितनी हद तक नकल कर पाया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कांकेर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

