Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला अधिवक्ता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित तुमीडीह डैम के पास जंगल में 12 मई को अर्धनग्न अवस्था में मिली युवती की लाश की पहचान 31 वर्षीय महिला वकील के रूप में हुई है। मृतका लैलूंगा ब्लॉक के एक गांव की रहने वाली थी और रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य थी।
जानकारी के मुताबिक, 12 मई की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि तुमीडीह डैम किनारे जंगल में एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती औंधे मुंह जमीन पर पड़ी थी और उसके कपड़े आसपास बिखरे हुए थे। शव की हालत बेहद गंभीर थी। युवती का चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी। वहीं गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं।
पुलिस प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जता रही है। मामले की जांच जारी है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
मृतका की बहन बेंगलुरु से रायगढ़ पहुंची। उसने बताया कि 12 मई को जब उसने अपनी बहन को फोन किया तो मोबाइल बंद था। अगले दिन अचानक फोन चालू हुआ और किसी दूसरी लड़की ने कॉल रिसीव किया। उसने कहा कि “दीदी सो रही है” और बाद में दीदी की आवाज में बात करने की कोशिश भी की। इसके कुछ समय बाद परिवार को युवती की मौत की सूचना मिली।
इस घटना के बाद रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ में भारी आक्रोश है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी अधिवक्ताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने बताया कि मृतका ने जनवरी 2026 में जिला अधिवक्ता संघ की सदस्यता ली थी और जूनियर अधिवक्ता के रूप में कार्य कर रही थी। अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया है कि आरोपी की पैरवी कोई भी अधिवक्ता नहीं करेगा। साथ ही बाहर से आने वाले वकीलों से भी आरोपी का पक्ष नहीं लेने की अपील की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

