छत्तीसगढ़ में मिशन मोड पर होगा विकास, सीएम साय की योजनाओं को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

छत्तीसगढ़ में मिशन मोड पर होगा विकास, सीएम साय की योजनाओं को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन अब विभिन्न क्षेत्रों में तीव्र और लक्षित विकास के लिए योजनाओं को मिशन मोड में संचालित करेगा। इस संबंध में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं और मिशनों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने कई नए मिशन शुरू किए हैं, जिनका उद्देश्य प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना है। इन सभी योजनाओं को पूरी तरह मिशन मोड में लागू किया जाएगा।

एआई मिशन से युवाओं को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत उभरती तकनीकों और आधुनिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बनाने की योजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को एआई आधारित स्टार्टअप्स के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही शासन व्यवस्था में भी एआई तकनीक का उपयोग बढ़ाया जाएगा। इसके लिए सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत ग्रामीण और जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। साथ ही महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी
मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन के तहत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए थीम आधारित पर्यटन सर्किट विकसित किए जाएंगे। सांस्कृतिक मेलों, उत्सवों और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा तथा स्थानीय स्तर पर होमस्टे योजना को बढ़ावा दिया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

अधोसंरचना और स्टार्टअप पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन के जरिए राज्य में सड़कों, पुलों और शहरी-ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। प्रदेश में आर्थिक विकास को गति देने के लिए तेजी से बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन के तहत युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने और नए व्यापारिक विचारों को जमीन पर उतारने पर जोर रहेगा। नए स्टार्टअप्स के लिए वित्तीय सहायता और सरल प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव वित्त चंदन कुमार, विशेष सचिव उच्च शिक्षा जय प्रकाश मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Related Articles