Yogi Cabinet Expansion: लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित जन भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 6 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जो संवैधानिक सीमा के अनुरूप पूर्ण संख्या है।
समारोह में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। वहीं, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। दोनों नेता पहले योगी सरकार में राज्य मंत्री थे और अब उन्हें प्रमोशन मिला है।
इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। समारोह में भाजपा और सरकार के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से जन भवन में शिष्टाचार मुलाकात की थी, जिसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा” भी भेंट की।
राजनीतिक दृष्टि से यह विस्तार बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। 403 सदस्यीय विधानसभा वाले राज्य में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं और अब योगी सरकार ने यह संख्या पूरी कर ली है। राजनीतिक जानकार इसे सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।
नवनियुक्त मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का धन्यवाद करती हूं। संगठन और सरकार जो भी जिम्मेदारी देंगे, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगी।”
वहीं, मंत्री सुरेंद्र दिलर ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करूंगा।”

