दुर्ग में दिशा समिति बैठक: सांसद विजय बघेल का जोर- “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से हरियाली और जल संरक्षण बढ़ाएं, योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश

दुर्ग में दिशा समिति बैठक: सांसद विजय बघेल का जोर- “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से हरियाली और जल संरक्षण बढ़ाएं, योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश

Disha Committee Meeting in Durg: दुर्ग। लोकसभा सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर विशेष फोकस किया गया। सांसद बघेल ने “एक पेड़ माँ के नाम” और “एक सोखता संतान के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे हरियाली बढ़ेगी और जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले घरों में पौधारोपण को प्राथमिकता देने और नगरीय निकायों में भवन निर्माण अनुमति के दौरान रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही अधिकारियों को जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने और कार्यों की मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए।

सांसद बघेल ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लंबित जलप्रदाय योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

कृषि क्षेत्र को लेकर उन्होंने समय पर खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, वहीं राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बारिश से पहले पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जर्जर सड़कों की पहचान कर शीघ्र सुधार करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी, जबकि सीईओ जिला पंचायत बजरंग दुबे ने बताया कि मनरेगा के तहत निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100 प्रतिशत मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। सांसद ने शेष अवधि में और तेजी लाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम और पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद बघेल ने भरोसा जताया कि समन्वय और सतत मॉनिटरिंग से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।


Related Articles