IPL 2026 Cricket Match in Raipur: रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबलों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों और क्रिकेट संघ के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
मैच शेड्यूल
- 10 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs मुंबई इंडियंस
- 13 मई: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs कोलकाता नाइट राइडर्स
इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
प्रशासन ने टिकट व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल रखा है। दर्शकों को केवल ऑनलाइन एम-टिकट के जरिए ही प्रवेश मिलेगा, जिसमें QR कोड मैच के दिन सक्रिय होगा। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खोले जाएंगे और एंट्री टिकट पर दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही होगी। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा और सुविधाओं पर खास ध्यान
सभी गेट पर वालेंटियर तैनात किए जाएंगे और वाई-फाई तथा इंटरनेट की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रहे। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है, साथ ही फायर सेफ्टी और मेडिकल सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
CCTV से होगी निगरानी
स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आयोजन के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

