Chhattisgarh Durg Latest News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से सांसद विजय बघेल ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और असामयिक मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
सांसद बघेल ने कहा कि सड़क हादसे आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं, जिनमें अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने चार पहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने और दो पहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति पर विशेष चिंता जताई।
उन्होंने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि जब भी कोई व्यक्ति घर से निकलता है, तो उसके परिवार वाले उसके सुरक्षित लौटने का इंतजार करते हैं। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है।
सांसद बघेल ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यह न सिर्फ खुद के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी घातक है। उन्होंने प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। सांसद ने विश्वास जताया कि ऐसे जनजागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मददगार साबित होंगे।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

