Chhattisgarh News: रायपुर। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में बुधवार को आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन ‘क्षितिज’ में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन और कड़ी मेहनत को सफलता का मूलमंत्र बताते हुए प्रेरित किया, साथ ही कॉलेज परिसर की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों ने परिसर में अतिक्रमण की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री वर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि कॉलेज की भूमि से सभी अवैध कब्जे हटाए जाएं और बाउंड्रीवाल का सीमांकन तुरंत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि स्नेह सम्मेलन केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को निखारने का मंच है। उन्होंने सफलता के तीन मूल सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन अपनाएं, कड़ी मेहनत करें और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहें।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगारंग झलक देखने को मिली, जहां छात्र-छात्राओं ने लोक कला आधारित प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

