बुरहानपुर में सीएम डॉ. मोहन यादव का उद्योगपतियों से संवाद, निमाड़ में इन्वेस्टर्स समिट की घोषणा; विजय उत्सव में खाई झालमुड़ी, कांग्रेस पर साधा निशाना

बुरहानपुर में सीएम डॉ. मोहन यादव का उद्योगपतियों से संवाद, निमाड़ में इन्वेस्टर्स समिट की घोषणा; विजय उत्सव में खाई झालमुड़ी, कांग्रेस पर साधा निशाना

CM Dr. Mohan Yadav Visit Burhanpur: बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बुरहानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में उद्योगपतियों से संवाद किया और निमाड़ क्षेत्र में इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने की बड़ी घोषणा की।

सीएम सुबह 10:30 बजे रेणुका माता हेलीपैड से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुरहानपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारिक कल्याण बोर्ड के गठन पर कैबिनेट में चर्चा हो चुकी है, जो जिला स्तर तक काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और बुरहानपुर के केला किसानों पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले का व्यापार 400 करोड़ से बढ़कर लगभग 800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। साथ ही निंबोला औद्योगिक क्लस्टर के लिए 350 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है।

सीएम ने बुरहानपुर को “दक्षिण का द्वार” बताते हुए कहा कि यहां के लोग मेहनती और हुनरमंद हैं, जिससे कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने रेहटा औद्योगिक क्षेत्र में नए रास्ते के निर्माण की भी घोषणा की।

उद्योगपतियों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री भाजपा के “विजय उत्सव” में शामिल हुए, जहां उन्होंने मंच पर बैठकर झालमुड़ी खाई और नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को भी अपने हाथों से परोसी। यह कार्यक्रम पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी की जीत के जश्न के रूप में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के विभाजन और धार्मिक मुद्दों पर गलत परंपराएं खड़ी कीं। उन्होंने राम मंदिर और वंदे मातरम को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

वहीं, विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ नेता हार के बाद भी पद नहीं छोड़ते। उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए भाजपा की जीत को जनता का समर्थन बताया।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक अर्चना चिटनिस, मंजू दादू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उद्योगपति मौजूद रहे।


Related Articles