Durg IPL Online Betting News: दुर्ग। आईपीएल मैचों के दौरान दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा मामला सामने आया है। गुजरात और पंजाब के बीच खेले जा रहे मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था। ‘Silent 777’ ऐप लिंक और 15-15 हजार रुपए की सट्टा आईडी के जरिए इस अवैध गतिविधि को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से मोबाइल, नगदी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया है।
पाटन क्षेत्र में 4 आरोपी गिरफ्तार
पाटन पुलिस ने करन देवांगन (23), उत्तम निषाद (29), गोपाल निषाद (27) और लोकेश उर्फ अरमान यादव (29) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एवरग्रीन सिटी उम्दा निवासी एडमिन कुलदीप बागड़े से करीब 15 दिन पहले 15-15 हजार रुपए में सट्टा ऐप का लिंक खरीदा था। इसी माध्यम से वे सट्टा लगाने और खिलाने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन और करीब 10 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि मैच खत्म होने के बाद ये सभी बाजार चौक में पैसों का हिसाब-किताब करने के लिए इकट्ठा हुए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली क्षेत्र में 3 और आरोपी पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई सिटी कोतवाली दुर्ग क्षेत्र में की गई, जहां गया नगर के परेतीन चौक स्थित एक खाली दुकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने छापा मारकर हर्ष राजपूत (24), शुभम चंदेल (22) और मोहम्मद ईरफान उर्फ राजा (38) को गिरफ्तार किया। ये आरोपी मोबाइल ऐप के जरिए सट्टा खिलवा रहे थे और हिसाब-किताब कॉपी में दर्ज कर रहे थे।
9 मोबाइल समेत लाखों का सामान जब्त
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 28,800 रुपए नगद, एक स्कूटी, दो लाइनदार कॉपियां, कैलकुलेटर, स्केल, सट्टा पर्चियां और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.29 लाख रुपए आंकी गई है।
सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

