पश्चिम बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण: भाजपा की प्रचंड जीत के बाद सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

पश्चिम बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण: भाजपा की प्रचंड जीत के बाद सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

West Bengal Swearing-in Ceremony Updates: कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख सामने आ गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी है कि राज्य में 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
पश्चिम बंगाल में दो चरणों 23 और 29 अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को घोषित हुए। इन चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की और स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें, जबकि CPI(M) को सिर्फ 1 सीट मिली।

भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार चर्चा में
इस चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा रही ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट से हार। उन्हें भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने 15,114 वोटों से पराजित किया। इससे पहले भी 2021 में नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।

सीएम पद को लेकर कई नामों की चर्चा
भाजपा की जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर है। इस दौड़ में शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।

9 मई पर टिकी नजरें
राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। अब सभी की नजरें 9 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल की कमान किसके हाथों में जाएगी।


Related Articles