Action Against Illegal Sand Transport: मुरैना। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ वन विभाग और एसएएफ (SAF) की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बीती रात नेशनल हाईवे पर कार्रवाई के दौरान एक रेत माफिया टीम से बचने के लिए ट्रॉली पलटकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
हाईवे पर पीछा, रेत से भरी ट्रॉली पलटकर भागा चालक
वन विभाग की टीम को नेशनल हाईवे स्थित वन चौकी के पास अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया। टीम को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पीछा तेज होने पर आरोपी ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रॉली पलट गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
रांपी लगाकर किया पहिया पंचर, तब काबू में आया वाहन
वन विभाग के एसडीओ श्याम सिंह चौहान के अनुसार, टीम ने ट्रॉली को रोकने के लिए हाईवे पर रांपी लगाई, जिससे ट्रॉली का पहिया पंचर हो गया। इसके बावजूद चालक भागता रहा, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर ट्रॉली पलट गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हाइड्रा मशीन से सीधी कर ट्रॉली, पुलिस को सौंपा गया वाहन
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से पलटी हुई ट्रॉली को सीधा कराया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

