तुमडीबोड पुलिस चौकी पर अवैध वसूली के आरोप, कांग्रेस नेता महेन्द्र यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी

तुमडीबोड पुलिस चौकी पर अवैध वसूली के आरोप, कांग्रेस नेता महेन्द्र यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के तुमडीबोड क्षेत्र में पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के महामंत्री महेन्द्र यादव ने पुलिस पर नियमों के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सिवनी खुर्द के पास पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग पॉइंट लगाकर किसानों, मजदूरों और राहगीरों को रोका जा रहा है और अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

महेन्द्र यादव ने कहा कि यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब उसी स्थान पर स्थित एक ढाबे में खुलेआम अवैध शराब बिक्री की शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी संदेह पैदा करती है।

क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध भी दर्ज कराया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर “सुशासन तिहार” मनाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को इस तरह परेशान करना सरकार के दावों पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नियमों के नाम पर की जा रही यह कार्रवाई ही सुशासन है? महेन्द्र यादव ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं, तो वे क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ चक्का जाम और उग्र आंदोलन करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता, विशेषकर किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।


Related Articles