दुर्ग के सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

दुर्ग के सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

Chhattisgarh Durg Fire News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पोटिया कला क्षेत्र स्थित एक शासकीय स्कूल में शुक्रवार देर रात प्रिंसिपल कक्ष में आग लगने की घटना सामने आई। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, 1 मई की रात लगभग 8:46 बजे प्राचार्य कार्यालय से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुर्ग अग्निशमन विभाग को दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि प्रिंसिपल कक्ष में आग तेजी से फैल रही है और भारी धुआं भर गया है। टीम ने बिना देरी किए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और जोखिम उठाकर कमरे के अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग स्कूल के अन्य हिस्सों तक फैलने से बच गई।

हालांकि प्राचार्य कक्ष में रखा कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया, लेकिन विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बचा लिए गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का संचालन जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया, जबकि प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में टीम के सदस्य हीरामन, राजेश, कमलेश और तामेश्वर ने आग पर नियंत्रण पाया।


Related Articles