Santosh Pandey on Chhattisgarh Congress: रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आंतरिक कलह और गुटबाजी को लेकर भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के रायपुर दौरे और विधायकों की बैठकों को “डैमेज कंट्रोल” की असफल कोशिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस का “विमान” अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसे कोई भी पायलट उड़ान नहीं दे सकता।
पांडेय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में असंतोष की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि दिल्ली से विशेष रूप से सचिन पायलट को “आग बुझाने” के लिए भेजना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की नींव ही आपसी अविश्वास पर टिकी हो, वहां बैठकों से कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने पांच साल के शासनकाल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दिया, जिसका परिणाम अब पार्टी के भीतर ही असंतोष और बगावत के रूप में सामने आ रहा है। पांडेय ने कहा कि जनता पहले ही कांग्रेस को नकार चुकी है और अब उसके अपने नेता व कार्यकर्ता भी असंतुष्ट हैं।
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की बैठकों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कई गुटों में बंट चुकी है और एकता केवल दिखावे तक सीमित है। उन्होंने कहा कि बंद कमरों की बैठकों से जनता का विश्वास वापस नहीं जीता जा सकता।
पांडेय ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास के नए मानक स्थापित हो रहे हैं, जिससे ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस अपनी अंदरूनी लड़ाई को छिपाने का प्रयास कर रही है।

