वनांचल में विकास की नई रोशनी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर के दर्जनों गांवों में पहली बार पहुंचेगी बिजली

वनांचल में विकास की नई रोशनी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर के दर्जनों गांवों में पहली बार पहुंचेगी बिजली

CG Raipur Latest News Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की पहल के तहत सूरजपुर जिले के वन क्षेत्रों में पहली बार व्यापक स्तर पर विद्युतीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से भटगांव विधानसभा क्षेत्र के चांदनी बिहारपुर इलाके के दर्जनों गांवों और टोलों में बिजली पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने तकनीकी स्वीकृति देते हुए कार्य आदेश जारी कर दिए हैं।

इस योजना के तहत कोल्हुआ, महुली, करोटी और चोंगा सहित कई गांवों के विभिन्न टोलों में पहली बार विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा कछवारी, खैरा, नवडीहा और कछिया क्षेत्रों को भी इस परियोजना में शामिल किया गया है। आजादी के बाद पहली बार इन इलाकों में नियमित बिजली पहुंचने से हजारों ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।

परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सूरजपुर के कार्यपालन अभियंता को सौंपी गई है, ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके। जानकारी के अनुसार, करोड़ों रुपये की लागत से 28 से अधिक विद्युतीकरण कार्यों को मंजूरी दी गई है।

इस पहल से न केवल घरों में रोशनी पहुंचेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी। लंबे समय से इन क्षेत्रों के ग्रामीण बिजली की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से विकास की रोशनी अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है।


Related Articles