Sachin Tendulkar Bastar Visit: जगदलपुर। ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर इन दिनों छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर हैं। बुधवार को वे अपनी बेटी सारा और बहू सानिया के साथ विशेष चार्टर्ड फ्लाइट से जगदलपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उन्हें देखने और मिलने के लिए पहुंचे, इस दौरान सचिन ने कई प्रशंसकों को ऑटोग्राफ भी दिए।
जगदलपुर से वे दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार के लिए रवाना हुए, जहां उनकी फाउंडेशन द्वारा विकसित मॉडल खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिन ने स्थानीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खुद भी मैदान में उतरकर वॉलीबॉल व रस्साकशी जैसे खेलों में हिस्सा लिया। बेटी सारा और बहू सानिया के साथ उनका यह सहज और उत्साही अंदाज लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
बताया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन दंतेवाड़ा जिले में 50 खेल मैदान विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें छिंदनार का मैदान एक मॉडल के रूप में तैयार किया गया है। फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चों को खेलों के बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
सचिन ने कहा कि बस्तर आकर उन्हें बेहद खुशी हुई और वे भविष्य में यहां के खिलाड़ियों के लिए और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि जब यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था, तब भी उनकी संस्था ने यहां काम शुरू किया था और अब शांति बहाल होने के बाद वे स्वयं खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं।
इधर, अमित शाह द्वारा बस्तर को खेल हब बनाने की पहल के बीच सचिन का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रयासों से स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।
सुरक्षा के लिहाज से उनके दौरे के दौरान बस्तर में कड़े इंतजाम किए गए हैं। फाउंडेशन की योजना के तहत हर मैदान में करीब 16 खेलों का प्रशिक्षण देने के लिए विशेषज्ञ कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को नई दिशा मिल सकेगी।

