Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को ‘नारी शक्ति’ का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘महिला जन आक्रोश पदयात्रा’ में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर सड़कों पर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। “नारी शक्ति जिंदाबाद” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी हिस्सा लिया और महिलाओं के सम्मान व अधिकारों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक अनुज शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
तपती धूप के बावजूद पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं तख्तियां लेकर पदयात्रा में शामिल हुईं। खास तौर पर विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में उनके क्षेत्र की महिलाओं की भारी भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी बड़ा स्वरूप दिया।
मीडिया से बातचीत में अनुज शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए ‘वंशवाद की राजनीति’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है और कांग्रेस ने वर्षों तक इसे लटकाए रखा।
उन्होंने आगे कहा कि अब देश की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और हर साजिश का जवाब अपने वोट से देंगी। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण को भाजपा की प्राथमिकता बताया।
इस पदयात्रा को भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ एक बड़े जनआंदोलन के रूप में पेश किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आईं हजारों महिलाओं, पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इसे एक विशाल रैली का रूप दे दिया।
इस आयोजन के जरिए भाजपा ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

