PM मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने की बैठक, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

PM मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने की बैठक, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

PM Modi and South Korean President Meeting: नई दिल्लीः भारत दौरे पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात की। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ली जे-म्युंग का राष्ट्रीय राजधानी में भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन के अग्रभाग (फोरकोर्ट) में सोमवार को उनके लिए एक औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद पीएम मोदी और ली जे-म्युंग के बीच राजधानी के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच विशेष सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। ली जे-म्युंग के इस दौरे से भारत और दक्षिण कोरिया की रणनीतिक साझेदारी अब एक नये मुकाम की ओर अग्रसर है।

विदेश मंत्रालय ने किया पोस्ट

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत-दक्षिण कोरिया विशेष सामरिक साझेदारी को आगे बढ़ाना!” समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच गहरे मैत्रीपूर्ण संबंधों को रेखांकित किया गया।” 

2010 में दक्षिण कोरिया बना था भारत का सामरिक साझेदार 

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विशेष सामरिक साझेदारी वर्ष 2010 में शुरू हुई थी। इसके तहत दोनों देश रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अर्धचालक, बैटरी, साइबर सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं। दक्षिण कोरिया भारत का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 30 बिलियन डॉलर से अधिक है। भारत दक्षिण कोरिया की कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य बनता जा रहा है। राष्ट्रपति ली जे-म्युंग की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। 

दोनों नेताओं में होगी उच्च स्तरीय वार्ता

इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच उच्च-स्तरीय वार्ता होने की उम्मीद है, जिसमें व्यापार, रक्षा सहयोग, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और इंडो-पैसिफिक में शांति व स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वागत समारोह दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और भविष्य में और मजबूत होने वाले संबंधों का प्रतीक है। 

भारत के एयरस्पेस में घुसने के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने किया था खास वीडियो पोस्ट

भारत के एयरस्पेस में एंट्री करने के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने जहाज से ही बनाया गया एक खास वीडियो पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, “भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला और अत्यधिक तेज विकास वाला देश है। ध्यान से देखें तो दोनों देशों के बीच बिना किसी जबरदस्ती या बल प्रयोग के वाकई कई ऐसी चीजें हैं जो दोनों के लिए फायदेमंद हैं। आइए, शांति और लोकतंत्र को प्यार करने वाले भारत के साथ मिलकर एक शानदार भविष्य का निर्माण करें। मैं सब कुछ अच्छे से संभालकर लौटूंगा।”


Related Articles