Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का लोकार्पण किया। इस दौरान जिले में जनपद पंचायत छुरिया क्षेत्र के अंतर्गत 3 करोड़ 87 लाख 3 हजार रुपए की लागत से कुल 3.9 किलोमीटर सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
इसमें करमरी से ग्वालिनडीह तक 1 किलोमीटर तथा नवागांव से मासूलजोब तक 2.9 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है। साथ ही जिले में 5 लाख रुपए प्रति भवन की लागत से तैयार किए गए 15 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया, जिनकी कुल लागत 75 लाख रुपए है।
जनपद पंचायत छुरिया के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी। वहीं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह भूआर्य, अनिता मण्डावी, बिरम बाई मण्डावी, जनपद पंचायत सदस्य रेखा बाई गंधर्व, उभेराम मण्डावी, ओम प्रकाश चन्द्रवंशी, चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, रविन्द्र वैष्णव, खिलेश्वर साहू, दिनदयाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

