DA Hike News: रायपुर: केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 1 जनवरी 2026 से 2% महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) बढ़ाने के फैसले का भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने स्वागत किया है। महासंघ ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति आभार जताते हुए अब छत्तीसगढ़ सरकार से भी इसी तर्ज पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. एच. सुरेश ने बताया कि डीए/डीआर में बढ़ोतरी को लेकर पहले ही कैबिनेट सचिव को पत्र और ईमेल के माध्यम से अनुरोध किया गया था। अब केंद्र सरकार के फैसले से कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत मिली है।
महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि आमतौर पर डीए/डीआर की घोषणा मार्च के अंतिम सप्ताह में हो जाती है, लेकिन इस बार देरी के कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स को इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में यह 2% बढ़ोतरी आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।
महासंघ ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के फैसले के बाद ही राज्य सरकारें अपने यहां डीए/डीआर लागू करती हैं। ऐसे में अब छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के लिए भी रास्ता साफ हो गया है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि केंद्र के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ सरकार भी जल्द ही राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 2% डीए/डीआर बढ़ाने की घोषणा करेगी, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

