Rajnandgaon News: डोंगरगढ़ के ग्राम ढारा में अवैध मुरुम खनन पर बढ़ा विवाद, निरीक्षण के लिए पहुंचीं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल

Rajnandgaon News: डोंगरगढ़ के ग्राम ढारा में अवैध मुरुम खनन पर बढ़ा विवाद, निरीक्षण के लिए पहुंचीं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल

CG Rajnandgaon News: राजनांदगांव। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढारा में अवैध मुरुम खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल स्वयं मौके पर पहुंचीं और खनन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध गतिविधियों का जायजा लेते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मुरुम खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है, लेकिन एसडीएम, तहसीलदार सहित जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की चुप्पी यह संकेत देती है कि कहीं न कहीं अवैध खनन को संरक्षण मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अवैध मुरुम खनन से शासन को भारी राजस्व की क्षति हो रही है और साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। यह गतिविधियां नियमों के विरुद्ध हैं और भविष्य में क्षेत्र के लिए गंभीर संकट का कारण बन सकती हैं।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने बताया कि लाली डोगरी के पास शासकीय भूमि, खसरा नंबर 10 पर लंबे समय से अवैध मुरुम खनन किया जा रहा है। कई बार संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक बघेल ने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता को मजबूरन उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। विधायक के निरीक्षण के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


Related Articles