पाटन में 733 आवास हितग्राहियों को अपात्र करने पर आक्रोश, 7 अप्रैल को जनपद घेराव का ऐलान, ग्रामीण करेंगे बड़ा प्रदर्शन

पाटन में 733 आवास हितग्राहियों को अपात्र करने पर आक्रोश, 7 अप्रैल को जनपद घेराव का ऐलान, ग्रामीण करेंगे बड़ा प्रदर्शन

Patan Housing Beneficiaries Issue पाटन विकासखंड में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 733 हितग्राहियों को अपात्र घोषित किए जाने, मनरेगा कार्य शुरू न होने और मूलभूत सुविधाओं की कमी के विरोध में जनकल्याण समिति के बैनर तले 7 अप्रैल को जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और घेराव का ऐलान किया गया है।


समिति के सदस्य युगल आडिल ने बताया कि ग्राम सभाओं द्वारा पात्र हितग्राहियों की सूची पहले ही विभाग को भेजी जा चुकी है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को अपात्र घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हितग्राही आवश्यक दस्तावेज देने के लिए तैयार हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा उन्हें स्वीकार नहीं किया जा रहा है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों का रवैया निरंकुश है और जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ बताया।


इसके साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से मनरेगा मजदूरी का भुगतान लंबित है। वृद्धा, निराश्रित और दिव्यांग पेंशन की राशि भी समय पर नहीं मिलने से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


इस संबंध में 22 ग्राम पंचायतों के सरपंच और उपसरपंच पहले ही एसडीएम को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
आगामी 7 अप्रैल को होने वाले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, मजदूर और हितग्राही शामिल होंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


Related Articles