Ambikapur Road Accident News अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-130 स्थित भिट्ठीकला में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 15 EH 8874) अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भिट्ठीकला गांव के पास सड़क किनारे बाजार से लौट रही महिलाओं को वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और तीन महिलाओं को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। इसके बाद स्कॉर्पियो आगे जाकर सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकराकर रुकी।
मृतक महिलाओं की पहचान रामबाई (50), मुन्नी बाई (40) और श्यामपति (35) निवासी जोगी बांध के रूप में हुई है। वहीं आयुषी नामक एक अन्य महिला घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी चालक सोनू राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद जाम हटवाया गया और यातायात बहाल किया गया।
बताया जा रहा है कि भिट्ठीकला में हर रविवार साप्ताहिक बाजार लगता है। हादसे की शिकार महिलाएं सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक घटना हो गई।

