Raipur Crime News राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साले ने अपने दोस्त के साथ मिलकर जीजा पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। घटना प्रभात टॉकीज के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को प्रार्थिया सुमित्रा दीप (30) निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी ने गंज थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति रवि दीप अपने परिचित गौरव सोना के साथ गंजपारा स्थित देशी शराब दुकान के पास मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी बाबू मराठी, जो रिश्ते में साला है, अपने साथी आयुष गुप्ता के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले रवि दीप ने बाबू मराठी की मां के साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पहले से ही नाराज था। मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई।
विवाद के दौरान आरोपी बाबू मराठी ने अपने पास रखी कैंची से रवि दीप पर हमला कर दिया। हमले में रवि दीप के सीने और जांघ में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद गौरव सोना ने बीच-बचाव करते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों बाबू मराठी और आयुष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

