मिर्जापुर में कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, संगठन सशक्तिकरण और अनुशासन पर जोर

मिर्जापुर में कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, संगठन सशक्तिकरण और अनुशासन पर जोर

All India Kurmi Kshatriya Mahasabha meeting: मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के पाहों में 15 मार्च 2026 को अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश के करीब 15 राज्यों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कुर्मी ध्वज गीत के साथ हुई, जिससे पूरे आयोजन में एकता और समाज के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

बैठक का संचालन राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एन. के. सिंह ने किया। कार्यक्रम को दो सत्रों में विभाजित किया गया था। पहले सत्र में कार्यसमिति की औपचारिक बैठक हुई, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं दूसरे सत्र में खुले संवाद के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक उत्थान और भविष्य की रणनीतियों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार कटियार, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. उत्तम प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष इंजीनियर आर.बी. सिंह, पूनम चंद्राकर, सलाहकार जगदीश राम सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सर्वेश कुमार कटियार ने संगठन में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. उत्तम प्रकाश सिंह ने “राष्ट्रीय व्यापार प्रकोष्ठ” के गठन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत तमिलनाडु और केरल में हो चुकी है और इससे समाज के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में महासचिव ने सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए संरक्षक जगदीश राम सिंह का विशेष धन्यवाद किया।बैठक संगठन की एकता, अनुशासन और समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


Related Articles