दुर्ग। होलिका दहन की रात दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक की उसके ही दोस्त ने लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी। घटना रावणभाठा संगम चौक के पास की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय हेमंत साहू उर्फ भूरु के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका दोस्त 25 वर्षीय आशीष साहू है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार हेमंत एक निजी कंपनी में कार्यरत था और सोमवार रात ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान आशीष उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों पहले भी साथ बैठकर शराब पीते थे। एक मार्च को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे अन्य दोस्तों ने शांत करा दिया था। आशंका है कि इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखे हुए था।
रात करीब 11 बजे दोनों पार्टी कर मोहल्ले की ओर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले आरोपी ने पीछे से बाइक के शॉकब (लोहे की रॉड) से हेमंत के सिर पर जोरदार वार कर दिया। उसने सिर पर कई बार हमला किया, जिससे हेमंत बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल के पास ही होलिका दहन की तैयारी चल रही थी, लेकिन वारदात अचानक होने से लोग कुछ समझ नहीं पाए। आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब के दौरान हुए विवाद की बात सामने आई है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को 10 घंटे से कम समय में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई है।
गौरतलब है कि होली पर्व को देखते हुए जिले में करीब 900 जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। 73 पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात थीं और 25 स्थानों पर नाकाबंदी की गई थी। दिन में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला था, इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में यह वारदात हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

