IIT भिलाई के असिस्टेंट प्रोफेसर साइबर ठगी के शिकार, लिंक पर डिटेल भरते ही 1.79 लाख रुपए पार

IIT भिलाई के असिस्टेंट प्रोफेसर साइबर ठगी के शिकार, लिंक पर डिटेल भरते ही 1.79 लाख रुपए पार

भिलाई। IIT Bhilai के असिस्टेंट प्रोफेसर साइबर ठगी का शिकार हो गए। कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आए कॉल के झांसे में आकर उन्होंने जैसे ही लिंक पर अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरी, उनके खाते से 1 लाख 78 हजार 910 रुपये निकाल लिए गए। घटना 31 दिसंबर 2025 की है, हालांकि अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।


बीटा बिल्डिंग, आईआईटी निवास में रहने वाले 37 वर्षीय डॉ. अविजित साहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे आईआईटी भिलाई में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। घटना से करीब एक माह पूर्व उनके क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन लेन-देन में दिक्कत आ रही थी और वे बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने की सोच रहे थे।


31 दिसंबर को उनके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताते हुए कार्ड में आ रही समस्या के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान कॉलर भरोसेमंद लगा, जिसके बाद प्रोफेसर ने अपनी परेशानी साझा कर दी।
इसके बाद कॉलर ने उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा, जो बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा दिखाई दे रहा था। उसमें बैंक का नाम और डिजाइन भी असली वेबसाइट की तरह था। कॉलर ने कहा कि लिंक पर लॉग-इन कर क्रेडिट कार्ड की डिटेल भरने से समस्या दूर हो जाएगी।


डॉ. साहा ने लिंक खोलकर कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी। डिटेल भरते ही उनके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का संदेश आया और खाते से 1 लाख 78 हजार 910 रुपये कट गए। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।


उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और स्थानीय थाने में रिपोर्ट दी। करीब दो माह बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है।


Related Articles