डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह, सांसद विजय बघेल ने मेधावी छात्रों किया सम्मानित

डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह, सांसद विजय बघेल ने मेधावी छात्रों किया सम्मानित

Dr Khubchand Baghel College Event भिलाई। डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 में पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने की। समारोह में डॉ. अनुपमा अस्थाना (क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक), भूपेन्द्र कुलदीप, विपिन चंद्राकर (सांसद प्रतिनिधि) सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं राजकीय गीत के साथ किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने संबोधन में महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1983 में लगभग सवा सौ विद्यार्थियों से होने का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद आज यहां हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि निजी महाविद्यालयों की बढ़ती संख्या के बीच यह शासकीय संस्था सीमित संसाधनों में भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जो गर्व का विषय है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वर्तमान युग में ज्ञान-विज्ञान के विस्तार के साथ विद्यार्थियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकगण, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।

Read More : अमेरिकी-इजरायली हमले में मारे गए सुप्रीम लीडर खामेनेई, ईरान में 40 दिनों के शोक का एलान


Related Articles