डिप्टी सीएम विजय शर्मा जगदलपुर के वृहद किसान सम्मेलन में हुए शामिल, बस्तर के 40 हजार किसानों को 205.95 करोड़ की सौगात

डिप्टी सीएम विजय शर्मा जगदलपुर के वृहद किसान सम्मेलन में हुए शामिल, बस्तर के 40 हजार किसानों को 205.95 करोड़ की सौगात

Jagdalpur Farmers Conference रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर से प्रदेश के 25 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 328 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इसी क्रम में जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित आदान सहायता कार्यक्रम एवं वृहद किसान सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा वर्चुअली शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान कर किसानों की होली की खुशियों को दोगुना कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में संवेदनशील पहल कर रही है और बजट में भी किसान हितैषी प्रावधान किए गए हैं, जिससे उन्नत खेती को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, लघु वनोपज संग्रहण एवं प्रसंस्करण को प्रोत्साहन देने तथा सिंचाई संसाधनों के विस्तार पर जोर दिया, ताकि बस्तर की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो सके।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किरण सिंह देव ने हल्बी में संबोधित करते हुए किसानों को होली की बधाई दी और कहा कि सरकार के निर्णय से किसानों के परिवारों में उत्सव का माहौल है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और विधायक सहित किसानों ने मुख्यमंत्री से वर्चुअल संवाद भी किया।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अनुसार बस्तर जिले के 40 हजार 667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि वितरित की गई। मोटा धान पर 731 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई। योजना का सर्वाधिक लाभ बकावंड और बस्तर विकासखंड के किसानों को मिला, जहां क्रमशः 67.90 करोड़ रुपये और 55.78 करोड़ रुपये की राशि अंतरण की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Read More : Woodball Competition 2025-26: राष्ट्रीय मंच पर सरगुजा का जलवा, वुडबॉल प्रतियोगिता में संदीप और साक्षी ने जीता सिल्वर मेडल


Related Articles